प्रमोद रिसालिया
सिरसा, 10 मार्च(जससे)। मुंबई के स्मिता पाटिल स्ट्रीट थियेटर द्वारा स्थानीय सिरसा कल्ब में नशा मुक्ति जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ संदेश देते हुए श्अंत्य नामक नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की गई। इस मौके पर जिला के उपायुक्त युद्धबीर सिंह ख्यालिया सहित शहर के प्रतिष्ठित व्यक्ति मौजूद थे।
इस नुक्कड़ नाटिका के माध्यम से मुंबई के मंझे हुए कलाकारों ने नशा मुक्ति के प्रभावी संदेश के साथ-साथ अपनी कलाकारिता का जबरदस्त प्रदर्शन किया। यह नुक्कड़ नाटिका स्मिता पाटिल स्ट्रीट थियेटर के निदेशक युसुफ काजमी द्वारा निर्देशित किया गया था। आज सिरसा कल्ब में इस नाटक का मंचन 3062वीं बार किया गया। इससे पूर्व नाटक का मंचन देश के महानगरों और अन्य शहरों में 3 हजार 61वीं बार किया जा चुका है। इस नाटक में नशा रोकने, शराब के नशे की बुराई के बारे में बताया। नाटिका में एक परिवार की कहानी को दर्शाया गया। रामप्रसाद के परिवार में दोनों बेटे नशे के लिए पैसे लेने हेतु किस प्रकार से उत्पात मचाते है और यहां तक की अपनी बहन के चरित्र पर कीचड़ उछालने से भी तनिक गुरेज नहीं करते। इस नाटिका के माध्यम से कलाकारों ने संदेश दिया कि कोई भी नशा देश, समाज, परिवार, मोहल्ले को किस कदर खोखला कर देता है, इतना ही नहीं नशे की आदत से समाज का ताना-बाना भी तार-तार होता जा रहा है। इस नाटिका को देखकर उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। परिवार में मुखिया बाबा रामप्रसाद का रोल मुंबई के कलाकार शाहनवाज ने, रामप्रसाद की बेटी भारती का रोल आयशा कासनी ने, श्यामू शराबी का रोल अरविंद ने और गोपू का रोल नाटिका के निर्देशक युसुफ काजमी ने बेखूबी किया। इससे पूर्व इन्हीं कलाकारों ने साक्षरता का संदेश देते हुए संदेश नामक लघु नाटिका का मंचन भी किया। यह नाटिका भी युसुफ काजमी द्वारा निर्देशित की गई थी। युसुफ काजमी ने बताया कि इस नाटिका का मंचन सिरसा में 6001वीं बार किया गया है। दिल दहला देने वाले इस नाटक में कलाकारों ने नाटक के माध्यम से बताया कि किस प्रकार से निरक्षरता समाज पर कलंक है। नाटक में बताया गया कि अनपढ़ता के कारण परिवार की गृहणी विद्या को जान से हाथ धोना पड़ा। नाटक को देख रहे सभी दर्शकों ने मुंबई के इन कलाकारों के अभिनय की जमकर तारीफ की। दोनों नाटिकाओं के मंचन से प्रभावित होकर जिला के उपायुक्त युद्धबीर सिंह ख्यालिया ने कहा कि जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में अंत नामक नाटिका का विमोचन करवाया जाएगा ताकि जिला में नशे जैसी बीमारी को खत्म किया जा सके। इस अवसर पर समाजसेवी डा. आर.एस सांगवान, क्लब के सचिव एस.पी गुप्ता, डा. अग्रवाल सहित शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। यह नाटक स्थानीय सौगात संस्था की सौजन्य से प्रस्तुत किया गया।