सिरसा। सिरसा के सांसद डा.अशोक तंवर ने कहा है कि संसदीय क्षेत्र में शिक्षा तंत्र की मजबूती के लिए केंद्र व राज्य सरकार की मदद से कई अहम योजनाओं पर काम जारी है। इस प्रक्रिया में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की ओर तीन नए कॉलेजों के अलावा एक सेंटर फॉर एक्सीलेंस की स्थापना प्रस्तावित है। सांसद चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो स्टेशन  के माध्यम से लोगों से बातचीत कर रहे थे। सांसद से विभागाध्यक्ष वीरेंद्र चौहान की हुई बातचीत कार्यक्रम के कार्यक्रम का प्रसारण 18 जून को दोपहर 12 बजे भी कम्यूनिटी रेडियो स्टेशन से किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद सांसद अशोक तंवर ने विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एमएल रंगा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न मसलों पर विचार विमर्श किया। युव कांग्रेस और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके अशोक तंवर ने कहा कि राजनीति में सक्रियता का निश्चय उन्होंने स्व. राजीव गांधी से मिली प्रेरणा के चलते किया। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार में पैदा होने के बावजूद उन्हें पार्टी संगठन में जिस उंचाई तक जाने का मौका मिला उससे स्पष्ट है कि बहुत प्रभावशाली राजनीतिक विरासत न होने के बावजूद परिश्रम करने वाले कार्यकर्ताओं को भी संगठन में सम्मान व अहमियत मिलती है। उन्होंने हाल ही में युवक कांगंरेस में आंतरिक लोकतंत्र की बहाली के लिए राहुल गांधी ने जो प्रयोग किया है वह अपने आप में अनूठा था और इसके दूरगामी सकारात्मक परिणाम आने तय हैं और इससे ग्रामीण व शहरी इलाकों में नया नेतृत्व उभरेगा।एक सवाल के जवाब में सांसद डा. तंवर ने कहा कि हादसे के बाद चोट की गंभीरता के चलते हालांकि चिकित्सकों ने उन्हें कई माह तक विश्राम करने के लिए कहा था मगर विश्राम की उस अवधि में भी वे सतत सिरसा के लोगों के संपर्क में रहे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वे संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों का दौरा कर लोगों से सीधा संवाद करेंगे।  प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में लोगों को उनका कुछ न्यूनतम समय अवश्य मिले, वे यह अवश्य सुनिश्चित करेंगे। सांसद ने कहा कि वे पार्टी संगठन, पंचायती राज व स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों के माध्यम से भी समूचे संसदीय क्षेत्र के लोगों के साथ अपना जुड़ाव कायम रखेंगे और उनके जरिए सामने आने वाली जनसमस्याओं का भी समयबद्ध ढंग से निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

डा. अशोक तंवर ने कहा कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय की बेहतरी के लिए वे प्रारंभ से ही प्रयासरत हैं।  विवि को यूजीसी अधिनियम की धारा 12 बी के तहत  मान्यता का प्रश्र हो या आयोग से अनुदान का, उन्होंने हर मौके पर  विश्वविद्यालय का पक्ष यूजीसी अध्यक्ष व अन्य आला अधिकारियों के समक्ष रखा और भविष्य में भी यह कार्य जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उनकी दिली तमन्ना है कि इस विश्वविद्यालय में कुछ नए विभाग खुलें और उच्च श्रेणी के शिक्षक इस विश्वविद्यालय का अंग बनें। विभिन्न गांवों के रेडियो श्रोताओं द्वारा सामुदायिक रेडियो स्टेशन के ट्र्रांसमीटर की पॉवर बढ़ाकर जिले के और अधिक गांवों को इसके कवरेज क्षेत्र में लाए जाने की मांग पर सांसद अशोक तंवर ने कहा कि ग्रामीणों की मांग के दृष्टिगत इस बारे में केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री  अंबिका सोनी से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि युवक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं अंबिका सोनी सकारात्मक सोच की धनी हैं और अगर इस मामले में कोई नीतिगत बाधा नहीं होगी तो चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के इस अनूठे उपक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाने की लोगों की मांग अवश्यमेव सिरे चढ़ जाएगी। सांसद ने कहा कि इस कार्य में अगर संसाधनों की कमी आड़े आएगी तो वे अपनी सांसद निधि से धन मुहैया कराने में संकोच नहीं करेंगे।

    एक अन्य श्रोता ने जब शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या का सवाल उठाया तो सांसद ने कहा कि वे जिला प्रशासन व अन्य सामाजिक संस्थाओं के साथ बातचीत कर इस मामले में ठोस हस्तक्षेप की योजना बनाएंगे। सांसद ने बताया कि इस समस्या से निपटने का एक मार्ग बेसहारा पशुओं को गौशालाओं में पंहुचाना है। इसके लिए गौशालाओं को अधिक साधन संपन्न बनाना होगा। सांसद ने कहा कि उन्होंने अपनी सांसद निधि ने क्षेत्र की गोशालाओं को खासी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। सांसद निधि के संदर्भ में पूछे गए एक प्रश्र के उत्तर में डा. अशोक तंवर ने कहा कि वे शिक्षा तंत्र की मजबूती और पेयजल सुविधाओं सरीखी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में इस धन का व्यय करने के पक्षधर हैं। इस क्रम में फतेहाबाद के एमएम कॉलेज को 11 लाख रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। सांसद ने कहा कि गर्मी के मौसम में इस क्षेत्र में पीने के पानी की किल्लत हो जाती है और सांसद विकास निधि से इस समस्या से निपटने के लिए आने वाले दिनों में कुछ कारगर पहलकदमियां की जाएंगी।
   सांसद डा. तंवर ने कहा कि उनका संसदीय क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से समूचे हरियाणा का पांचवा हिस्सा है। इस क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे के विकास के क्षेत्र में यहां अभी बहुत काम किए जाने की गुंजाइश है। क्षेत्र में  तकीनीकी शिक्षा का विस्तार हो और रोजगार के नए अवसर पैदा हों, इसके लिए हर संभव उपाय करने के लिए उन्होंने अपनी  प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि इस साल के रेल बजट में इस क्षेत्र के लिए दो नई रेल लाइनों पर सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ करने का प्रावधान किया गया है। सिरसा रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित करने को वे उनके कार्यकाल में हुआ एक महत्वपूर्ण कार्य करार देते हैं। उन्होंने कहा कि कुम्हारिया का परमाणु संयंत्र भी इस क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका अदा करेगा। हैलो सिरसा के अंत में सांसद ने कहा कि सामुदायिक रेडियो जनप्रतिनिधियों और आम जन के बीच संवाद की एक प्रभावी कड़ी बन कर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में वे हर माह कम से कम एक बार हैलो सिरसा कार्यक्रम के माध्यम से सिरसा व आसपास के क्षेत्र के लोगों से नियमित रूप में रूबरू हुआ करेंगे।