सिरसा। कल विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर सिरसा में पंजाब और हरियाणा की पुरुष और महिलाओं के सर्कल कबड्डी के मैच आयोजित होंगे, जिसमें हरियाणा-पंजाब के चुनिंदा खिलाड़ी कबड्डी मैच में अपने जोहर दिखाएंगे। यह जानकारी देते हुए हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव नरेंद्र हुड्डा ने बताया कि विजेता खिलाडिय़ों को हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गोपाल कांडा ईनाम वितरित करेंगे। इस अवसर पर
हरियाणा ओलपिंक एसोसिएशन के प्रधान पी.वी राठी, उप-प्रधान अशोक मेहता भी उपस्थित रहेंगे। इससे पूर्व सिरसा शहर में ओलंपिक दिवस के अवसर पर राज्यस्तरीय मास मैराथन दौड़ भी होगी। यह दौड़ सुबह छह बजे नेहरु पार्क से शुरु होकर शहर के विभिन्न बाजारों से होती हुई बरनाला रोड़ स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम में संपन्न होंगी। इस राज्यस्तरीय मैराथन रेस को हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव र्मवीर हरी झंडी देकर रवाना करेंगे और स्वयं भी इस रेस में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि मैराथन दौड़ में खिलाडिय़ों के साथ-साथ आमजन भी हजारों की संख्या में भाग लेंगे और ओलंपिक दिवस के अवसर पर खेलों का संदेश देंगे। विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर सभी जिलों में इस प्रकार की मैराथन दौड़ आयोजित होंगी। परंतु सिरसा में राज्यस्तरीय विश्व ओलंपिक दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है जिसमें यह मैराथन दौड़ करवाई जा रही है। इसके साथ-साथ शहीद भगत सिंह स्टेडियम में लड़कों और लड़कियों की रेस प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। लड़कियों की तीन किलोमीटर की दौड़ और लड़कों की पांच किलोमीटर की दौड़ करवाई जाएंगी जिसमें प्रदेश के सभी जिलों के चुनिंदा धावक भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि इस राज्यस्तरीय उत्सव में हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा प्रदेश के सभी वैटर्न और वर्तमान खिलाडिय़ों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस उत्सव से प्रदेश की युवा पीढ़ी को संदेश जाएगा कि वे ज्यादा से ज्यादा से संख्या में खेलों से जुड़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करे और देश का नाम रोशन करे। 23 जून यानी विश्व ओलंपिक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि पहली बार एथेंस में 23 जून 1896 को आधुनिक ओलपिंक खेलों का आयोजन किया गया था। इनमें पुरुषों की केवल 9 खेलों को शामिल किया गया था। उसके बाद से निरन्तर पूरी दुनिया में 23 जून का दिन विश्व ओलंपिक दिवस के रुप में मनाया जाने लगा। हरियाणा में यह दिन पूरे उत्साह व धूमधाम से मनाया जाता है। प्रदेश में हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा 35 विभिन्न खेलों को मान्यता दी गई है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे इस विश्व ओलंपिक दिवस के उत्सव में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग ले। उन्होंने बताया कि इस उत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मैराथन रेस और खेलों में स्कूल, कॉलेजों और अन्य संस्थाओं के हजारों की संख्या में युवा भाग लेंगे। जिला प्रशासन द्वारा भी सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई है। इस मैराथन दौड़ की तैयारियों बारे जानकारी देते हुए स्थानीय उपमंडल अधिकारी ना0 एस.के जैन ने बताया कि विश्व ओलंपिक दिवस समारोह में हरियाणा के प्रत्येक जिले से दो लड़के व दो लड़कियां एथलैटिक खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि खिलाडिय़ों के रहने ठहरने की व्यवस्था कर दी गई है। महिला खिलाडिय़ों को यूथ होस्टल में और पुरुष खिलाडिय़ों को अन्य स्थानों पर ठहराया जाएगा। समारोह के अवसर पर खाने-पीने व रिफ्रैशमैंट की विशेष व्यवस्था होगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भी एंबुलेस इत्यादि की भी व्यवस्था की जाएगी। मैराथन दौड़ में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट इत्यादि भी उपलब्ध करवाई जाएगी।